गदरपुर पुलिस को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 21 अत्यंत दुर्लभ प्रजाति के कछुओं के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी इन कछुओं को किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के लिए ले जा रहे थे।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी काशीपुर स्वप्न कुमार सिंह ने बताया कि अपराधों की रोकथाम और वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कछुओं की तस्करी में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इन्हें किस व्यक्ति को सौंपा जाना था।
